newspatnarajnitiबिहारराजनीति

बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव अस्पताल में भर्ती, हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री और बीजेपी नेता रामकृपाल यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की जांच में हृदय संबंधी समस्या सामने आने के बाद उनके हार्ट में पेसमेकर लगाने का फैसला लिया गया। बुधवार को सफलतापूर्वक पेसमेकर इंप्लांट किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

रामकृपाल यादव के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने रामकृपाल यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।

अस्पताल में नीतीश कुमार ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से मंत्री के स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा जदयू विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ समेत कई अन्य नेता भी अस्पताल पहुंचे।

बताया जा रहा है कि रामकृपाल यादव को हृदय से जुड़ी परेशानी महसूस होने के बाद तत्काल मेदांता अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद पेसमेकर लगाने की सलाह दी, जिसके बाद सफल ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी तबीयत में सुधार है और लगातार स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार लगातार राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। बीजेपी के वरिष्ठ मंत्री रामकृपाल यादव के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही उनका अस्पताल पहुंचकर मुलाकात करना राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button