newspatna

भारतीय रेल का गजब खेल: एक फोन कॉल और रेलवे क्रॉसिंग पर रुक गई ट्रेन

पटना। बिहार में रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बेतिया के कुमारबाग रेलवे फाटक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक फोन कॉल के बाद ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया गया, ताकि कुछ यात्री उसमें सवार हो सकें। इस घटना ने रेलवे के कड़े नियमों और सुरक्षा मानकों की पोल खोलकर रख दी है।वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रेलवे फाटक बंद है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। आम लोग ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच, फाटक के अंदर ट्रैक के समीप कुछ लोग अपना लगेज (बैग) लेकर खड़े नजर आते हैं। वीडियो में दिखाई देता है कि तभी एक व्यक्ति मोबाइल पर किसी से बातचीत करता है और ट्रेन की दिशा में हाथ से इशारा करता है। वीडियो में मौजूद लोगों का दावा है कि इस व्यक्ति ने सीधे लोको पायलट (ट्रेन ड्राइवर) से संपर्क किया था।फाटक के बीचों-बीच सवार हुए यात्रीहैरानी की बात यह रही कि मोबाइल पर हुई इस बातचीत के कुछ ही पलों बाद ट्रेन वहां पहुंचती है और फाटक के ठीक बीचों-बीच रुक जाती है।

इसके बाद ट्रैक के पास पहले से तैयार खड़े यात्री बिना किसी जल्दबाजी के आराम से ट्रेन में सवार हो जाते हैं। वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है।नियमों को ताक पर रखकर ट्रेन को इस तरह रोके जाने और यात्रियों को चढ़ाने का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जब यह वीडियो शेयर किया गया, तो ‘रेल सेवा’ ने तत्काल समस्तीपुर रेलवे डिविजन को टैग किया। इसके जवाब में मंडल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।अब रेलवे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन को रेलवे फाटक के बीच रोकने की वास्तविक वजह क्या थी और क्या वाकई किसी फोन कॉल के प्रभाव में नियमों की यह अनदेखी की गई।

Related Articles

Back to top button