
राजधानी में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पटना ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। यह जांच अभियान इस्कॉन मंदिर, सिटी सेंटर और जीपीओ गोलंबर के आसपास संचालित किया गया, जहां ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।
नौ ई-रिक्शा पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करते पाए गए 9 ई-रिक्शा को जब्त कर लिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने इन ई-रिक्शा को बाद में डाकबंगला चौराहा क्षेत्र में यातायात संचालन के लिए लगाया, ताकि वहां लगने वाले जाम को कम किया जा सके और आवाजाही सुचारु बनी रहे।
11 वाहनों का चालान, ₹17,500 जुर्माना
जांच के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 17,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नियमों का पालन करने की सलाह
पटना ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित, व्यवस्थित और जाम-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर विशेष जांच अभियान चलाए जाते रहेंगे।



