
मोतिहारी। सूबे में खाद की किल्लत और कालाबाजारी की मिल रही निरंतर शिकायतों के बीच प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में छौड़ादानों थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एक गोदाम में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 146 बोरी डीएपी खाद बरामद की गई है। इस बड़ी जब्ती से अवैध रूप से खाद का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर स्थित एक गोदाम में नियमों को ताक पर रखकर भारी मात्रा में डीएपी खाद डंप किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए, एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और उक्त गोदाम पर छापेमारी की गई।टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। गोदाम की सघन तलाशी के दौरान अंदर छिपाकर रखी गई 146 बोरी डीएपी खाद बरामद हुई, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही जब्त कर लिया।फिलहाल, कृषि विभाग जब्त की गई खाद से संबंधित कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। इसके साथ ही संबंधित व्यक्तियों से खाद भंडारण के वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र की मांग की गई है। अधिकारियों द्वारा इस बात की गहन जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद किस उद्देश्य से डंप की गई थी। पुलिस भी अपने स्तर से मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि जमाखोरी या कालाबाजारी की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



