
मुंगेर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर और असरगंज क्षेत्र का एक दिवसीय सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में क्षेत्रवासियों को कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने तारापुर में 10 आदर्श विद्यालयों (मॉडल स्कूल) का समेकित उद्घाटन किया, वहीं हरपुर में नवनिर्मित आदर्श थाना भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने असरगंज में जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया।मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंगलवार दोपहर 1:35 बजे तारापुर विधानसभा क्षेत्र के किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना परिसर में उतरा। यहां उन्हें पुलिस के जवानों द्वारा गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने बुके देकर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सरस्वती विद्या निकेतन, लौना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से रिमोट का बटन दबाकर चयनित 10 आदर्श विद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया।उद्घाटन के पश्चात सीएम सम्राट चौधरी मॉडल विद्यालय (सरस्वती विद्या निकेतन) की कक्षाओं में भी गए।

उन्होंने शिक्षकों से पठन-पाठन के आधुनिक तौर-तरीकों की जानकारी ली और छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। विद्यालय परिसर में स्कूली बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने बारीकी से अवलोकन किया और बच्चों की वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा को सराहा।विद्यालय के कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से दोपहर 2:20 बजे हरपुर पहुंचे। यहां स्थानीय नागरिकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किए जाने के बाद उन्होंने विधिवत फीता काटकर नवनिर्मित ‘हरपुर आदर्श थाने’ का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने नए थाना भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। सीएम ने थानाध्यक्ष कक्ष, हाजत (लॉकअप) सहित भवन के सभी कमरों का जायजा लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।हरपुर के बाद मुख्यमंत्री का काफिला असरगंज के लिए रवाना हुआ।
असरगंज पहुंचकर उन्होंने राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्र के युवाओं में उच्च शिक्षा को लेकर हर्ष का माहौल है। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने आम जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं।इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पूर्व विधायक राजीव सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निपनिकर और आरक्षी अधीक्षक (एसपी) सैयद इमरान मसूद समेत प्रशासन व पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



