newspatnaबिहार

डेहरी ईओ हत्याकांड: तेजस्वी का सरकार पर तीखा प्रहार, लोजपा विधायक पर 50 लाख की रंगदारी और हत्या का लगाया आरोप

पटना। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और सीधे तौर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आड़े हाथों लिया है। तेजस्वी ने इस हत्याकांड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और हत्या करवाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।नेता प्रतिपक्ष ने दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।तेजस्वी यादव ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि ईओ विमल कुमार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि लोजपा (रा) विधायक सोनू सिंह द्वारा अधिकारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। रंगदारी की मांग पूरी न होने और दबाव के आगे नहीं झुकने पर ही उनकी हत्या करवा दी गई।कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा निशाना साधा।

उन्होंने कहा, “सम्राट चौधरी को पद संभाले अभी 100-150 दिन ही हुए हैं और यह दूसरी बार है जब किसी सरकारी अधिकारी की हत्या कर दी गई है। जो सरकार अपने अधिकारियों की सुरक्षा नहीं कर सकती, वह आम जनता को क्या सुरक्षा देगी?”सरकार को खुली चुनौती देते हुए तेजस्वी ने कहा कि जब रामधनी सिंह का एनकाउंटर हो सकता है, तो क्या उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी में इतनी हिम्मत है कि वे इस हत्या में शामिल लोजपा विधायक का भी एनकाउंटर करवा सकें? उन्होंने राज्य में “आतंक का राज” कायम होने की बात कही।नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए और शुरुआती जांच के ही पुलिस अधिकारी अपने बयानों से मामले को भटकाने और लीपापोती करने में जुट गए हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि आईजी (IG) स्तर के अधिकारी इस मामले में आरोपी विधायक को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक सोनू सिंह को कई बार उक्त आईजी के साथ देखा गया है।तेजस्वी यादव ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में मुख्य आरोपी विधायक सोनू सिंह और अन्य दोषियों के खिलाफ अविलंब नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने ऐलान किया कि वह जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) व्यापक आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगा।

Related Articles

Back to top button