भागलपुर के सुल्तानगंज में हुए चर्चित ईओ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया गया है।
इस कार्रवाई के बाद सियासी हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे कानून के राज का मजबूत संदेश बताया। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है ,पहले जहां पैर में गोली लगती थी, अब सीधा सीने पर कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सुल्तानगंज की घटना बेहद दुखद थी, जिसमें एक अधिकारी की जान चली गई और एक जनप्रतिनिधि भी गंभीर रूप से घायल हुए। ऐसे मामलों में सरकार और पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जेडीयू प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अपराध के खिलाफ त्वरित और कठोर कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने इस एनकाउंटर को अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश और नजीर बताया।
गौरतलब है कि सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में नगर परिषद सभापति राजकुमार गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस एनकाउंटर के बाद जहां सत्तापक्ष इसे कानून व्यवस्था की मजबूती का उदाहरण बता रहा है, वहीं विपक्ष पुलिस कार्रवाई और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
इधर, मुख्यमंत्री ने मृतक अधिकारी के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराने की घोषणा की है।



