newsबिहार

बिहार में नदियां उफान पर, कोसी और बागमती खतरे के निशान से ऊपर, प्रशासन सतर्क

बिहार के खगड़िया जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि बूढ़ी गंडक का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट है और सभी तटबंधों व बांधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। विभाग का कहना है कि फिलहाल सभी सुरक्षा संरचनाएं सुरक्षित हैं।

बूढ़ी गंडक में 24 घंटे में 32 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी

अघोरी स्थान के पास बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर बीते 24 घंटों में 32 सेंटीमीटर बढ़ गया। सोमवार सुबह जहां जलस्तर 33.48 मीटर था, वहीं मंगलवार सुबह यह बढ़कर 33.80 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है, लेकिन बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

कोसी नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर

खगड़िया के बलतारा में कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह छह बजे यह 34.76 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार शाम की तुलना में 9 सेंटीमीटर अधिक है। यहां कोसी नदी खतरे के निशान 33.85 मीटर से करीब 91 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।

इस बीच भीमनगर स्थित कोसी बराज से मंगलवार सुबह दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। सुबह सात बजे 2,03,265 क्यूसेक और आठ बजे 2,01,660 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। वहीं बराह क्षेत्र में जल प्रवाह लगभग 1.28 लाख क्यूसेक बना रहा।

बागमती भी उफान पर

बागमती नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। संतोष जलद्वार के पास मंगलवार सुबह इसका जलस्तर 36.94 मीटर दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2 सेंटीमीटर अधिक है। यह नदी खतरे के निशान 35.63 मीटर से लगभग 1.31 मीटर ऊपर बह रही है।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

जल संसाधन विभाग ने बताया कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी तटबंधों, बांधों और अन्य संरचनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए विभाग की टीमें चौबीसों घंटे निगरानी और आवश्यक तैयारियों में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button