
मधुबनी के रामपट्टी मंडल कारा में 19 वर्षीय रौशन कुमार यादव की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार देर शाम बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अरेर थाना क्षेत्र के परकौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक रौशन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
परकौली गांव पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने रौशन यादव की मां और बहन से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि रौशन की बहन को मधुबनी मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में राजद परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।तेजस्वी यादव ने रौशन की मौत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक को कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।राजद नेता ने आगे बताया कि इस मामले में पार्टी अपने वकीलों से कानूनी सलाह ले रही है। साथ ही, पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मानवाधिकार आयोग से मुलाकात करेगा और पूरे प्रकरण की रिपोर्ट बिहार के डीजीपी को सौंपी जाएगी।गौरतलब है कि रामपट्टी मंडल कारा में हुई 19 वर्षीय रौशन यादव की मौत को जेल प्रशासन द्वारा आत्महत्या बताया जा रहा है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में राजनीतिक हलचल लगातार तेज बनी हुई है।



