newspatnaबिहार

कोचिंग विवाद मामले में रौशन आनंद को राहत, अदालत से मिली जमानत

पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर में हुए हंगामे और हमले के मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहे ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। यह राहत ऐसे समय में मिली है जब उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर ने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है।

गौरतलब है कि 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले के मामले में रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने 3 जून को रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब 12 दिनों तक बेउर जेल में रहने के बाद अब उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई है।

उधर, खान सर उर्फ फैजल खान की गिरफ्तारी पर अदालत ने फिलहाल 20 जून तक रोक लगा रखी है।
इस बीच रविवार को नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे में प्रिंस यादव मृत पाए गए। नेपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्रिंस के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि कमरे से मिर्गी की दवाएं भी बरामद हुई हैं। उनकी अंत्येष्टि सोमवार को सहरसा में होने की संभावना है, जिसमें रौशन आनंद के शामिल होने की भी चर्चा है।

प्रिंस यादव की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राजद नेता तेज प्रताप यादव ने इसे हत्या का मामला बताया है। वहीं खान सर उर्फ फैजल खान ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रिंस पहले से बीमार थे और उनकी मौत को लेकर गलत बातें नहीं फैलानी चाहिए। उनके अनुसार किसी ने प्रिंस के साथ मारपीट नहीं की थी।फिलहाल प्रिंस यादव की मौत और कोचिंग विवाद, दोनों मामलों की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button