newspatnaबिहार

पटना में आज से शुरू होगी जॉय राइड, CM करेंगे उद्घाटन

बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार शनिवार से एक नई पहल शुरू करने जा रही है। ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ के तहत आज से पटना जॉय राइड की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 3 बजे पटना एयरपोर्ट स्थित स्टेट हैंगर से इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा की है।

हेलीकॉप्टर से दिखेगा पटना का नजारा

इस योजना के शुरू होने के बाद पहली बार आम नागरिक हेलीकॉप्टर में बैठकर राजधानी पटना का हवाई सफर कर सकेंगे। करीब 10 मिनट की इस जॉय राइड के दौरान पर्यटक शहर के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों को आसमान से देख पाएंगे।

2100 रुपये में मिलेगा अनोखा अनुभव

पर्यटन विभाग ने इस हवाई यात्रा का किराया 2100 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया है। प्रत्येक उड़ान लगभग 10 मिनट की होगी। इस दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, गांधी मैदान, गोलघर समेत पटना के कई प्रमुख स्थलों का दृश्य देखने का अवसर मिलेगा।

पहले दिन 20 लोग करेंगे सफर

उद्घाटन के बाद पहले दिन 20 पर्यटक इस जॉय राइड का आनंद लेंगे। विभाग के मुताबिक अब तक करीब 80 लोगों ने सीट बुक करा ली है। फिलहाल यह सेवा हर शनिवार और रविवार संचालित की जाएगी। दोपहर 3 बजे के बाद हर 30 मिनट के अंतराल पर चार उड़ानें भरी जाएंगी। एक हेलीकॉप्टर में अधिकतम पांच यात्रियों को सफर करने की अनुमति होगी।

तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों से भी जुड़ेगा पटना

हेली-टूरिज्म योजना के तहत पटना को राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों से भी जोड़ा गया है। इनमें वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), राजगीर (नालंदा) और मां मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर) शामिल हैं।

वाल्मीकिनगर के लिए सरकारी विमान का उपयोग किया जाएगा, जबकि राजगीर और कैमूर रूट पर 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर संचालित होंगे। प्रत्येक फेरी में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित रहेंगी। हालांकि इन रूटों पर फिलहाल बुकिंग शुरू होने के बावजूद अभी तक कोई आरक्षण नहीं हुआ है।

पर्यटन को नई पहचान देने की पहल

इस महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 जुलाई को की थी। अब पटना जॉय राइड के संचालन के साथ इसे आम लोगों के लिए शुरू किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को आधुनिक तरीके से देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाना और पर्यटन उद्योग को नई गति देना है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि ‘बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026’ राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए नई उड़ान साबित होगी और पर्यटकों को राजधानी पटना का सुरक्षित, रोमांचक और यादगार हवाई अनुभव प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button