patnaबिहार

भरत भूषण को न्याय दिलाने सड़क पर उतरा जन सुराज, कैंडल मार्च निकाल की न्यायिक जांच की मांग

पटना। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बेलौटी गांव के निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में मौत के खिलाफ जन सुराज पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में राजधानी के कारगिल चौक पर कैंडल मार्च निकालकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की गुहार लगाई।इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘गद्दारों को फांसी दो’, ‘फर्जी गोली नहीं चलेगी’, ‘सरेंडर के बाद हत्या’, ‘लोकतंत्र पर आघात’ और ‘गोली का नहीं संविधान का राज चलेगा’ जैसे नारों वाले बैनर तख्तियां थीं।

मार्च में मौजूद लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक सामाजिक कार्यकर्ता की इस तरह कथित एनकाउंटर में मौत बेहद दुखद और निंदनीय है। भरत तिवारी वर्षों से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मार्च का मुख्य उद्देश्य पीड़ित को न्याय दिलाना और समाज में शांति व एकजुटता का संदेश देना है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की त्वरित निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए।

जांच पूरी होने तक कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित किया जाए। इसके साथ ही, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।मार्च में शामिल पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच होती, तो शायद भरत भूषण तिवारी आज जीवित होते। उन्होंने मांग की कि केवल थानाध्यक्ष को निलंबित करने से न्याय नहीं मिलेगा, बल्कि एसपी और डीएसपी को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।उन्होंने राज्य सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। मुन्ना ने कहा कि राज्य में नई सरकार और नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार संभालने के बाद से फर्जी एनकाउंटर की घटनाएं बढ़ गई हैं।

उनका आरोप है कि जो लोग मुखर होकर समाज की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखते हैं, जाति और धर्म के नाम पर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में हुए सभी एनकाउंटर मामलों की न्यायिक जांच की मांग की।इस कैंडल मार्च में पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना के अलावा तथागत हर्षवर्धन, सरवर अली, आरके मिश्रा, रविन्द्र द्विवेदी, पदमा ओझा, अनूप मैथिल, विवेक कुमार, इंदु सिन्हा, सोनाली आनंद, आदित्य मोहन, इम्तियाज वारसी, सुभाष कुशवाहा, कुमार सौरभ, शोएब खान, राज कपूर और राकेश पटेल समेत बड़ी संख्या में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button