
पटना। राजधानी पटना से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा स्थित हेतनपुर गंगा घाट पर रविवार सुबह स्नान करने गए तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की सबसे रुला देने वाली बात यह है कि ये तीनों बच्चे अपने-अपने घर के इकलौते चिराग थे। इस घटना के बाद तीन परिवारों का आंगन एक झटके में हमेशा के लिए सूना हो गया है और पूरे हेतनपुर गांव में मातम का सन्नाटा पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह हेतनपुर गांव के ही पांच दोस्त एक साथ गंगा नदी में नहाने के लिए गए थे। खेल-खेल में नहाने के दौरान अचानक तीन बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और तेज धार में डूबने लगे। अपने दोस्तों को डूबता देख, साथ मौजूद अन्य दो बच्चों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की। जब वे सफल नहीं हुए, तो उन्होंने बदहवास हालत में दौड़कर गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।हादसे की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण तुरंत गंगा घाट की ओर दौड़े। बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने नदी में छलांग लगा दी।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें पास के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान: पीयूष कुमार (10 वर्ष) – पिता: धर्मवीर राय तेज कुमार (11 वर्ष) – पिता: सत्येंद्र राय प्रिंस कुमार (7 वर्ष) – पिता: अमिताभ बच्चनसूचना मिलते ही शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई की है। दानापुर अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 20-20 हजार रुपये मुहैया करा दिए गए हैं। इसके अलावा, राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। भले ही प्रशासन ने मुआवजे का ऐलान कर दिया हो, लेकिन जिन माता-पिता ने अपने बुढ़ापे का इकलौता सहारा खो दिया है, उनके इस भारी दुख को किसी भी कीमत पर कम नहीं किया जा सकता।



