crimenewspatna

मोतिहारी में अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़: 50 लाख की अफीम के साथ नेपाल-बिहार की दो महिला तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण जिले के इंडो-नेपाल सीमा से सटे घोड़ासहन में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर घोड़ासहन बस स्टैंड पर की गई सघन चेकिंग में पुलिस ने 6.590 किलोग्राम अफीम के साथ दो महिला तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 33 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ‘सफेद जहर’ की यह खेप नेपाल से लाई गई थी और इसकी सुरक्षित डिलीवरी मुजफ्फरपुर में की जानी थी। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान बिहार के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गुदरा गांव निवासी सीमा देवी और नेपाल के बारा जिला अंतर्गत बैरागपुर निवासी बदामी देवी के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा नेपाल से अफीम की एक बड़ी खेप बस के रास्ते मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार निर्दोष, पर्यवेक्षी पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी सकलदेव प्रसाद तथा महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड से मोतिहारी की ओर खुलने वाली एक यात्री बस को रुकवाया और उसकी सघन तलाशी शुरू की।महिला पुलिस बल द्वारा जब संदिग्ध महिलाओं की तलाशी ली गई, तो उनके पास से अलग-अलग वजन के कई पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दो-दो किलोग्राम के दो पैकेट, 500-500 ग्राम के तीन पैकेट और 250-250 ग्राम के चार पैकेट (कुल वजन 6.590 किलोग्राम) अफीम जब्त की।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपित महिलाओं ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे महज कैरियर के रूप में काम कर रही थीं और उन्हें यह खेप मुजफ्फरपुर में किसी तस्कर को सौंपनी थी।

थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। नेपाल के सप्लायर से लेकर मुजफ्फरपुर के रिसीवर तक, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य सफेदपोशों और तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button