newsrajnitiदिल्लीबिहार

संसद में ‘चढ़ावा चोरी’ पर अनोखा प्रदर्शन, पुजारी बने पप्पू यादव, राहुल गांधी ने चढ़ाया चढ़ावा

राम मंदिर में कथित चढ़ावा गबन के मुद्दे को लेकर संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने शुक्रवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु-पुजारी के वेश में संसद परिसर पहुंचे और अपने सामने एक दानपात्र रखकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसद एक-एक कर दानपात्र में प्रतीकात्मक रूप से चढ़ावा डालते दिखाई दिए। सबसे अधिक चर्चा तब हुई जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुए और उन्होंने दानपात्र में पैसे डालकर अपना समर्थन जताया।

‘चढ़ावा चोर-गद्दी छोड़’ के लगे नारे

विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने “चढ़ावा चोर-गद्दी छोड़” के नारे लगाए और राम मंदिर में कथित चढ़ावे की अनियमितताओं के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। विपक्ष का आरोप है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने किया सांकेतिक अभिनय

प्रदर्शन को अलग अंदाज देने के लिए पप्पू यादव ने दानपात्र में जमा पैसे अपनी जेब में रखने का सांकेतिक अभिनय भी किया। उनके इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन ने वहां मौजूद सांसदों का ध्यान खींचा और कुछ देर के लिए हल्का-फुल्का माहौल भी बन गया। इस पूरे प्रदर्शन का उद्देश्य कथित चढ़ावा गबन के मुद्दे को संसद के भीतर और बाहर प्रमुखता से उठाना था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

संसद परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। अलग अंदाज में किए गए इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button