crimenewspatna

नकली खाद फैक्ट्री का भंडाफोड़: 3500 बोरी कच्चा माल और मशीनें जब्त, मुख्य कारोबारी फरार

बिहार में किसानों की गाढ़ी कमाई डकारने वाले नकली उर्वरक माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। ढाका थाना क्षेत्र के चन्दनबारा मदनी चौक के समीप ‘अंश ट्रेडर्स’ की आड़ में चल रही नकली खाद फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने छापेमारी कर 3500 बोरी कच्चा माल, भारी मात्रा में खाली बोरे और पैकिंग मशीनें जब्त की हैं। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मुख्य कारोबारी और संचालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।एसडीओ विजय कुमार के सख्त निर्देश पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने चन्दनबारा गांव स्थित एक बड़े गोदाम पर भी छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई में डीएसपी अभिषेक कुमार, ढाका बीएओ इंद्रजीत कुमार, उर्वरक निरीक्षक सह कृषि समन्वयक उमेश कुमार वर्मा के साथ ढाका और घोड़ासहन थाने की पुलिस बल शामिल थी।

गोदाम के भीतर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली खाद तैयार कर किसानों को ठगने का बड़ा गोरखधंधा चल रहा था।छापेमारी के दौरान पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। इसमें मुख्य रूप से लगभग 3,500 बोरी कच्चा माल, बिना टैग लगे पोटाश मेलासिस के करीब 3,000 बैग, एनपीके (14:28), एमओपी और नामी कंपनी ‘भारत डीएपी’ के नए खाली बोरे शामिल हैं। इसके अलावा खाद में मिलावट के लिए रखा गया लगभग 20 टन नमक, यूरिया से भरे 14 क्षतिग्रस्त बोरे, खाद की पैकिंग करने वाली मशीन, स्टिचिंग मशीन, सिलाई के धागे और वजन मापने का कांटा भी बरामद किया गया है।अधिकारियों ने कार्रवाई पूरी करते हुए अवैध रूप से संचालित इस फैक्ट्री और गोदाम को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस पूरे काले कारोबार का संचालन चन्दनबारा का ही रहने वाला खलिफ़ुर्रहमान कर रहा था। प्रशासन अब आरोपी संचालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और बिहार भर में फैले इस नकली खाद रैकेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की गहन जांच में जुट गया है।

Related Articles

Back to top button