
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है। सोमवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।
रेखा गुप्ता इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी बांकीपुर सीट से राजद की उम्मीदवार थीं। हालांकि उस चुनाव में उन्हें बीजेपी के नितिन नवीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके पार्टी नेतृत्व ने उनकी सक्रियता, संगठन से तालमेल और क्षेत्र में लगातार मौजूदगी को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
उम्मीदवार घोषित होने के बाद रेखा गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता का उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है और इस बार परिणाम अलग होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जनता दल इस उपचुनाव में जीत दर्ज करेगा। रेखा ने कहा कि पहले भी उन्होंने मजबूती से चुनाव लड़ा था और इस बार भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेंगी।
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि चुनावी रणनीति बनाना और चुनाव जीतना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है और इस बार बीजेपी को कड़ी चुनौती मिलेगी।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए रेखा गुप्ता ने भावनात्मक अपील भी की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता पिछले करीब 40 वर्षों से एक ही राजनीतिक दल और परिवार को मौका देती रही है। उन्होंने खुद को “बांकीपुर की बेटी” बताते हुए लोगों से सिर्फ चार साल का अवसर देने की अपील की, ताकि क्षेत्र के विकास के लिए काम किया जा सके।
इस बीच राजद के फैसले से कांग्रेस की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। महागठबंधन में कांग्रेस भी इस सीट पर अपनी दावेदारी जता रही थी, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि उपचुनाव में महागठबंधन की ओर से रेखा गुप्ता ही उम्मीदवार होंगी। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने कहा कि चूंकि पिछले विधानसभा चुनाव में भी रेखा गुप्ता महागठबंधन की उम्मीदवार थीं, इसलिए इस बार किसी तरह के मतभेद का सवाल ही नहीं उठता।
प्रेस वार्ता में राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह और मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राजद ने सोशल मीडिया के जरिए भी बीजेपी पर हमला बोला। पार्टी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अतिपिछड़ा वर्ग की नेत्री रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाकर सामाजिक न्याय के अपने संकल्प को आगे बढ़ाया गया है। राजद ने आरोप लगाया कि पिछले चार दशकों में बीजेपी ने बांकीपुर के विकास की अनदेखी की है और राजधानी की सीट होने के बावजूद यहां आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
पार्टी ने यह भी कहा कि नितिन नवीन और उनके परिवार का इस सीट पर लंबे समय से कब्जा रहा है, लेकिन इस बार जनता बदलाव चाहती है। राजद का दावा है कि क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने और लोगों के बीच मजबूत पकड़ के कारण लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है।



