crimenewspatnaबिहार

मुजफ्फरपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: अगस्त में 1886 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विदेशी शराब व हथियार बरामद

3593 वारंटों का हुआ निष्पादन, यातायात नियम तोड़ने वालों से वसूला गया 34.84 लाख रुपये का जुर्माना

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने अगस्त 2026 में ऐतिहासिक कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा के सख्त निर्देश पर चले विशेष महाअभियान के तहत पुलिस ने जिले भर से 1886 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ दबिश से जिले के पेशेवर अपराधियों और मादक पदार्थों का अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पूरे अगस्त माह में पुलिस महकमे ने रात-दिन एक करते हुए सघन छापेमारी की। इस दौरान संगीन मामलों में संलिप्त 878 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए 3593 वारंटों का निष्पादन किया। वहीं, लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे और फरार चल रहे अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर 278 मामलों में कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

शराबबंदी को लेकर बड़ा एक्शन, 30 हजार लीटर शराब जब्त

सूबे में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर सख्ती से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब तस्करों के नेटवर्क को बुरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस विशेष अभियान के तहत शराब के अवैध कारोबार से जुड़े 166 धंधेबाजों को दबोचा गया। पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 29,799 लीटर विदेशी और 652 लीटर देसी शराब बरामद की है। इतनी भारी मात्रा में शराब की खेप पकड़े जाने को पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 10 अवैध आग्नेयास्त्र, 14 जिंदा कारतूस और 2 खोखे भी जब्त किए हैं। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त 62 वाहन और 1 लाख 44 हजार 390 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, सड़क सुरक्षा को लेकर भी यातायात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों से 34 लाख 84 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना (शमन राशि) वसूला गया।

संगीन अपराधों पर प्रहार और वारंटियों पर शिकंजा

“अपराधियों और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था की जड़ें मजबूत करना और आम जनमानस के लिए एक शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल कायम रखना है।”— कांतेश कुमार मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), मुजफ्फरपुर

Related Articles

Back to top button