newsबिहारशिक्षा

बिहार के सरकारी स्कूलों में अब गड़बड़ी की सीधी शिकायत, दीवारों पर दिखेगा टोल फ्री नंबर

बिहार के सरकारी स्कूलों में अब अनियमितताओं और लापरवाही को छिपाना आसान नहीं होगा। शिक्षा विभाग ने पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत छात्र, अभिभावक और ग्रामीण सीधे कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए सभी सरकारी विद्यालयों की दीवारों पर टोल फ्री नंबर लिखवाया जाएगा।

पश्चिम चंपारण जिले में स्कूलों से सामने आ रही गड़बड़ियों को रोकने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। विभाग का कहना है कि इससे आम लोगों को शिकायत दर्ज कराने का सरल माध्यम मिलेगा और विद्यालयों की निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी।शिक्षा विभाग ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का टोल फ्री नंबर 18003454417 जारी किया है। निर्देश दिए गए हैं कि इस नंबर को जिले के सभी सरकारी विद्यालयों की मुख्य जगह और आसानी से दिखाई देने वाली दीवारों पर बड़े अक्षरों में अंकित किया जाए, ताकि हर व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंच सके।

इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) गार्गी कुमारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।निर्देश के अनुसार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रधानाध्यापकों को जल्द से जल्द यह कार्य पूरा कराने के लिए कहेंगे।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस कदम से स्कूलों में अनुशासन मजबूत होगा और जवाबदेही बढ़ेगी। अब शिक्षक की अनुपस्थिति, मिड डे मील में गड़बड़ी, पढ़ाई में लापरवाही या अन्य समस्याओं की शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी, जिससे सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button