newsबिहारशिक्षा

बिहार की शिक्षा व्यवस्था में होंगे बड़े बदलाव, CM सम्राट चौधरी ने किए 4 बड़े ऐलान

बिहार सरकार राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में कई अहम कदम उठाने जा रही है। सरकार का फोकस शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के साथ-साथ उसे छात्र-केंद्रित और आधुनिक बनाने पर है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शिक्षा से जुड़े चार महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी है।

इन घोषणाओं में स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परीक्षा प्रणाली में सुधार, छात्रों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद तथा छात्र कल्याण से जुड़े कार्यों को बेहतर तरीके से लागू करने की योजना शामिल है।

पहली घोषणा: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बनेगी राज्य स्तरीय समिति

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य के हर स्कूल तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने के लिए एक राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय को उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित करना है।

समिति स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों के सीखने के स्तर को लगातार बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर काम करेगी। सरकार के इस फैसले से छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और विद्यालयों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

दूसरी घोषणा: परीक्षा व्यवस्था में होगा सुधार

बिहार में परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए भी राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित की गई है।

यह समिति बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और कक्षा स्तर पर होने वाले मूल्यांकन में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के इस्तेमाल को लेकर सुझाव देगी। इसका मकसद छात्रों की केवल याददाश्त नहीं, बल्कि उनकी समझ, ज्ञान और विश्लेषण क्षमता का बेहतर मूल्यांकन करना है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले भी शिक्षा में तकनीक और स्मार्ट पढ़ाई को बढ़ावा देने की बात कह चुके हैं। अब परीक्षा प्रणाली में भी तकनीक को शामिल करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

तीसरी घोषणा: छात्रों से सीधे संवाद के लिए विशेष शिविर

शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए राज्य में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक छात्रों के साथ सीधे बातचीत करेंगे।

इस दौरान छात्रों की समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को सुना जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षा से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए छात्रों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

चौथी घोषणा: छात्र कल्याण के लिए बनेगा निदेशालय

मुख्यमंत्री ने छात्र कल्याण से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए संबंधित विभागों में निदेशालय गठित करने की भी घोषणा की है।

इन निदेशालयों के जरिए छात्रों से जुड़ी योजनाओं और कार्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

सरकार का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी एवं बेहतर परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाए जा रहे हैं। इन चार घोषणाओं को बिहार की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button