newspatnarajnitiबिहार

बत्ती गुल, माइक बंद और कट गई जेबें: प्रशांत किशोर के कार्यक्रम में भारी बवाल!

विधायक बनते ही पीके के कार्यक्रम में यह क्या हो गया? बिना भाषण दिए लौटे पटना।

TBR DESK। जनसुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर के नागरिक अभिनंदन समारोह में गुरुवार को उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक कार्यक्रम स्थल की बत्ती गुल हो गई। माइक बंद होने से भाषण बीच में ही रुक गया और इसी अंधेरे का फायदा उठाकर पॉकेटमारों ने कई लोगों की जेबें काट लीं। हद तो तब हो गई जब विधानसभा चुनाव में रफीगंज सीट से जनसुराज के प्रत्याशी रहे विकास कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह का मोबाइल भी चोरी चला गया। कार्यकर्ताओं के उत्साह से अभिभूत प्रशांत किशोर ने जैसे ही मंच से अपना राजनीतिक संबोधन शुरू किया, करीब आठ से दस मिनट बाद ही कार्यक्रम स्थल सम्राट अशोक हॉल की बिजली अचानक कट गई। माइक के काम करना बंद कर देने के कारण उन्हें अपना भाषण रोकना पड़ा। काफी देर तक प्रशांत किशोर और आयोजक बिजली आने या जेनरेटर चालू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन हॉल में घुप अंधेरा छाया रहा। इसी अफरा-तफरी और अंधेरे का फायदा उठाकर उचक्कों ने कई कार्यकर्ताओं को अपना शिकार बना लिया।

बिना संबोधन पूरा किए पटना रवाना हुए पीके

जब काफी देर तक ना तो बिजली बहाल हो सकी और ना ही जेनरेटर चालू किया जा सका, तो प्रशांत किशोर हॉल से बाहर निकल गए। इसके बाद उन्होंने हॉल के बाहर खुले स्थान पर ही सोशल मीडिया और प्रेस को अपना बयान दिया और वहीं से अपने वाहन में सवार होकर सीधे पटना के लिए रवाना हो गए। पीके का भाषण पूरा सुने बिना ही उनके वापस लौट जाने से दूर-दराज से आए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी मायूसी देखी गई। इस घोर अव्यवस्था ने कार्यक्रम के आयोजकों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कार्यक्रम जनसुराज पार्टी की औरंगाबाद जिला इकाई की ओर से आयोजित किया गया था, लेकिन स्थानीय होने के नाते पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह मुख्य आयोजक की भूमिका में नजर आ रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर जिलास्तरीय नेताओं से ज्यादा राष्ट्रीय प्रवक्ता के बैनर-पोस्टर पटे पड़े थे। बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर के पहुंचने से पहले कुमार सौरभ सिंह मंच पर व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए थे, लेकिन अव्यवस्था के बीच पीके के लौटते ही वे भी आयोजन स्थल से नदारद हो गए।

Related Articles

Back to top button