newsबिहारराजनीति

जन्माष्टमी पर फिर पुराने अंदाज में दिखे लालू यादव, कृष्ण का उदाहरण देकर BJP पर साधा निशाना

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में सीमित नजर आने वाले आरजेडी प्रमुख लालू यादव एक बार फिर अपने पुराने राजनीतिक अंदाज में दिखाई दिए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर उन्होंने भगवान कृष्ण के जीवन और संघर्ष का उदाहरण देते हुए केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला।लालू यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण के जन्म से डरकर कंस ने उनके माता-पिता को जेल में डाल दिया था। कृष्ण का जन्म जेल में हुआ और बाद में उन्होंने जेल से बाहर निकलकर समाज और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने गोवर्धन पर्वत को अंगुली पर उठाकर पाखंड के खिलाफ संदेश दिया और अत्याचारी कंस का वध किया।

‘जेल से डराने की कोशिश नाकाम होगी’

लालू यादव ने अपने संघर्ष को भगवान कृष्ण की कहानी से जोड़ते हुए कहा कि गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की लड़ाई लड़ना ही उनका अपराध माना जाता है।उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग CBI, ED और IT जैसी जांच एजेंसियों के जरिए उन्हें डराने और झुकाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं हैं। लालू ने कहा कि जेल उनके लिए डर की जगह नहीं, बल्कि गुरुद्वारे जैसी है।

गंगा-यमुना की स्थिति पर भी सवाल

लालू यादव ने यमुना की सफाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नदी की सफाई के नाम पर अरबों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यमुना और गंगा की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी के साथ लालू यादव ने संसद में दिए गए अपने पुराने भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।

पुराने संसद भाषण का वीडियो किया साझा

पुराने वीडियो में लालू यादव जेल जाने को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब भगवान कृष्ण के उदाहरण से देते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं कि कृष्ण का जन्म जेल में हुआ था और उनके लिए जेल किसी गुरुद्वारे से कम नहीं है।

वीडियो में लालू यादव गरीबों और दलितों को जागरूक करने को अपना अपराध बताए जाने की बात भी कहते हैं। उन्होंने कृष्ण के जन्म और यमुना से जुड़े प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि जब वासुदेव कृष्ण को लेकर यमुना पार कर रहे थे, तब यमुना भगवान कृष्ण के चरण स्पर्श की प्रतीक्षा कर रही थी।

‘भगवान कृष्ण हमारे वंशज हैं’

लालू यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण ने मथुरा में कंस का अंत करने के बाद वहां अपनी राजधानी स्थापित की थी। उन्होंने यमुना में गंदे नालों के गिरने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

अपने यादव समाज से जुड़े संदर्भ में लालू ने कहा कि भगवान कृष्ण उनके पुरखे और वंशज हैं। उन्होंने कहा कि कृष्ण ने पूरी दुनिया को गीता का ज्ञान दिया और उसके मर्म को समझाया।

Related Articles

Back to top button