crimenewspatnaबिहार

भैंस नहलाने के पानी पर खूनी खेल: विवाद में चाकू से गोदकर देवर-भाभी की हत्या, गांव में तनाव

बिहार के मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र स्थित जिहुली गांव में भैंस नहलाने के पानी को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देर रात हुई चाकूबाजी में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

मोतिहारी। जिले के पताही थाना क्षेत्र स्थित जिहुली पंचायत के जमुनी टोला गांव में बुधवार की देर रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। भैंस नहलाने के बाद सड़क पर बहे पानी को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार (चाकू) से हमला कर देवर और भाभी को मौत के घाट उतार दिया। हमले में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम जमुनी टोला में संजय सिंह के घर के समीप एक पक्ष द्वारा भैंस को नहलाया जा रहा था। इसी दौरान पानी सड़क पर बहने लगा। आरोप है कि मोहसीन अख्तर ने सड़क पर पानी गिराने से मना किया। इसी बात को लेकर संजय सिंह और दूसरे पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। उस वक्त आसपास के लोगों और बुद्धिजीवियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया। लोगों को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि रात के अंधेरे में यह बात इतना खूनी रूप ले लेगी।

रात के अंधेरे में बोला धावा, मची चीख-पुकार

बताया जाता है कि देर रात विवाद की आग फिर भड़क उठी। दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। गालियों से शुरू हुई बात मारपीट तक पहुंच गई और देखते ही देखते एक पक्ष ने धारदार हथियारों से दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में मरीना खातून (35), जमील अख्तर (36) और मोहसीन अख्तर (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ होकर तीनों जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए पताही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां पहुंचते ही मरीना खातून ने दम तोड़ दिया। वहीं, जमील अख्तर और मोहसीन अख्तर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मोतिहारी ले जाने के बाद इलाज के दौरान जमील अख्तर की भी मौत हो गई। रिश्ते में मरीना और जमील देवर-भाभी थे। तीसरे घायल मोहसीन अख्तर की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पानी गिराने के विवाद में धारदार हथियार से हमला किया गया है, जिसमें दो लोगों की जान गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस टीम कैंप कर रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button