newsबिहारमौसम

बिहार में मौसम का डबल अलर्ट, 38 जिलों में बारिश आंधी का खतरा; कई जगह ऑरेंज अलर्ट

बिहार में सावन की तीसरी सोमवारी पर मौसम ने करवट ली है। राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने आज राज्य में डबल अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में येलो तो कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में मौसम का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। खासकर गया, नवादा और जमुई में मानसून की गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रह सकती हैं।

उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत

पिछले कुछ दिनों से बिहार के कई हिस्सों में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे। बारिश और बादलों की वजह से अब तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। लगातार बारिश होने पर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ाएगा बारिश

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है। इसके साथ ऊंचाई तक फैला चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह सिस्टम उत्तर और पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से बिहार में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।

18 अगस्त को भी रहेगा डबल अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को भी बिहार में मौसम सक्रिय रहने वाला है। शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट रहेगा।

वहीं राज्य के अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 19 अगस्त को पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट रहने का अनुमान है। बक्सर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण समेत कुछ क्षेत्रों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है।

पटना में भी बारिश और वज्रपात का खतरा

राजधानी पटना में रविवार को तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बनी रही। सोमवार सुबह भी धूप और बादलों के बीच मौसम बदलता रहा। मौसम विभाग ने पटना में बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है।

आने वाले कुछ दिनों तक राजधानी समेत पूरे बिहार में मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button