
बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यादव समाज को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर अब सियासी विवाद खड़ा हो गया है। आरजेडी प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने इस मामले में मंत्री पर तीखा हमला बोला है।
तेज प्रताप यादव ने लखेंद्र पासवान के वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि किसी भी समाज के बारे में टिप्पणी करने से पहले उसके इतिहास, संस्कृति और परंपराओं की जानकारी होना जरूरी है।
तेज प्रताप ने यदुवंश का इतिहास याद दिलाया
तेज प्रताप यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए यदुवंश की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस यदुवंश में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने से पहले उसके गौरवशाली इतिहास को समझना चाहिए।
उन्होंने श्रीमद्भागवत में बताए गए यदुवंश से जुड़े श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि यदुवंश का नाम लेने मात्र से ही मनुष्य के पापों से मुक्ति की बात कही गई है। तेज प्रताप ने इसी संदर्भ में मंत्री लखेंद्र पासवान को धर्मग्रंथों और यदुवंश के इतिहास का अध्ययन करने की सलाह दी।



