newspatnarajnitiबिहार

नीतीश कुमार फिर एक्टिव मोड में, संजय झा के आवास पहुंचे; कार्यकर्ताओं ने लगाए ‘सुपर सीएम’ के नारे

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार इन दिनों लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। राज्यसभा की कार्यवाही में शामिल होने के बाद पटना लौटे नीतीश कुमार लगातार लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।

मंगलवार सुबह नीतीश कुमार जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए।

समर्थकों ने लगाए ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे

नीतीश कुमार के पहुंचने पर समर्थकों ने उनके और संजय झा के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए।

नीतीश कुमार ने मुस्कुराते हुए हाथ के इशारे से कार्यकर्ताओं को शांत रहने के लिए कहा, लेकिन समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। वे लगातार नारे लगाते रहे।

संजय झा को नीतीश ने दिया लोगों से मिलने का निर्देश

संजय कुमार झा के आवास पर पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की। उन्होंने संजय झा से कहा कि अब आप आ गए हैं, सभी लोगों को देखिए और उनसे मिलिए। उन्होंने लोगों से कागज लेने और फिर उनके पास आने की बात भी कही।

इसी दौरान संजय झा ने नीतीश कुमार को बताया कि कार्यकर्ता अक्टूबर से जिलों का दौरा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इस पर नीतीश कुमार ने कहा, ‘पहले सब कर लीजिए।’

इस बातचीत से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में जदयू के संगठनात्मक कार्यक्रम और नेताओं की क्षेत्रीय गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

एक दिन पहले मेदांता अस्पताल भी गए थे

इससे पहले सोमवार को नीतीश कुमार मेदांता अस्पताल भी पहुंचे थे। वहां कुछ लोगों ने उनसे कहा कि ‘बिहार आपको बहुत मिस कर रहा है।’

राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने के बाद पटना लौटने के बाद से नीतीश कुमार लगातार सार्वजनिक गतिविधियों में नजर आ रहे हैं। उनकी बढ़ती सक्रियता से जदयू कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखाई दे रहा है और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज है।

Related Articles

Back to top button