crimenewspatnaबिहार

बाढ़ में बेखौफ बदमाशों का तांडव, घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, 15 लाख लेकर फरार

बाढ़ थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास स्थित बुढ़ाउद्दीन चक गांव में शुक्रवार सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश एक घर में घुसे, परिवार के सभी सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल हैं |

पीड़ित जयचंद्र कुमार चौधरी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे वह छत पर कपड़े सुखाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर छत पर बने स्टोर रूम के आधे खुले दरवाजे पर पड़ी। जैसे ही उन्होंने अंदर झांका, पहले से छिपे बैठे छह नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने उनका मुंह दबाकर हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें वहीं बंधक बना लिया।

इसके बाद बदमाश नीचे पहुंचे और जयचंद्र चौधरी की पत्नी, बेटे और बेटी को भी हथियार दिखाकर एक कमरे में बंद कर दिया। अपराधियों ने तिजोरी और अलमारी की चाबियां मांगीं और पूरे घर की तलाशी लेते हुए कीमती जेवरात समेट लिए।

करीब 30 मिनट तक बदमाश बेखौफ होकर घर में लूटपाट करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए।

डकैतों के जाने के बाद किसी तरह गृहस्वामी ने खुद को खोला और छत से शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। हालांकि तब तक आरोपी घनी आबादी का फायदा उठाकर मौके से निकल चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button