
मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। दोनों सोमवार को अदालत में स्वयं पेश हुए और सरेंडर किया। इसके बाद उनकी स्थायी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
दोनों की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
अदालत में दोनों पक्षों ने रखे अपने तर्क
सुनवाई के दौरान अनंत सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश पाठक ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ दर्ज मामला तथ्यों पर आधारित नहीं है और उन्हें बेवजह इस केस में शामिल किया गया है।
वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से एपीओ मंजय मधूप ने कोर्ट को बताया कि पुलिस की चार्जशीट में दोनों आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ अश्लील गीत पर नृत्य करते हुए हथियार का प्रदर्शन किया गया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह की स्थायी जमानत मंजूर कर दी।
न्यायाधीश दोबारा कोर्ट पहुंचे
जानकारी के अनुसार, जब दोनों आरोपी अदालत पहुंचे, तब तक न्यायाधीश कोर्ट की कार्यवाही समाप्त कर जा चुके थे। बाद में उनके पहुंचने की सूचना मिलने पर न्यायाधीश दोबारा कोर्ट लौटे और मामले की सुनवाई की। आदेश पारित होने के बाद दोनों अदालत से रवाना हो गए।
कोर्ट से बाहर निकलते समय अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि अदालत से उन्हें न्याय मिला है।
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
अनंत सिंह के अदालत पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और लोग कोर्ट परिसर के आसपास जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और पूरे परिसर की निगरानी की गई।
क्या है मामला?
आपको बता दे कि यह पूरा मामला गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में 2 और 3 मई को आयोजित एक जनेऊ समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक गुंजन सिंह की प्रस्तुति के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह भी मौजूद थे।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान डांसर के साथ नृत्य करते समय हथियार लहराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के आधार पर मीरगंज थाना में कांड संख्या 247/26 दर्ज किया गया और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनंत सिंह, गुंजन सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की गई।
फिलहाल मिली राहत
एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से स्थायी जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह और गुंजन सिंह को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। हालांकि, इस मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही नियमानुसार जारी रहेगी।



