newspatnarajnitiबिहार

पटना शिक्षक सीट: भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर ने प्राप्त किया नामांकन पत्र, चुनावी रणभेरी बजी

पटना। बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों सहित कुल आठ सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर ताल ठोक रहे भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद और प्रत्याशी नवल किशोर यादव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर लिया है। इसके साथ ही इस सीट पर चुनावी बिसात पूरी तरह से बिछ गई है।प्रपत्र प्राप्त करने के बाद नवल किशोर यादव ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह सिर्फ एक सम्मान नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्नेह और आशीर्वाद को अपनी ताकत बताते हुए पूरी निष्ठा से दायित्व निर्वहन का संकल्प लिया।

राजद से है सीधा मुकाबला

पटना शिक्षक सीट पर इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। मुख्य विपक्षी दल राजद ने यहाँ से डॉ. संजीव कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ. संजीव नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले ही दिन अपना पर्चा दाखिल कर चुके हैं। ऐसे में नवल किशोर यादव के मैदान में उतरने से इस सीट पर अब भाजपा और राजद के बीच सीधे और कड़े मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है।

आगामी चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आठ सीटों का बंटवारा बराबर-बराबर किया है। भाजपा के खाते में पटना शिक्षक, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट आई है। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को मैदान में उतारा है।

जन सुराज के आने से मुकाबला हुआ दिलचस्प

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन सभी आठ सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। बता दें कि इन आठों सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल आगामी 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इस बार का विधान परिषद चुनाव केवल एनडीए और महागठबंधन तक सीमित नहीं है। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने भी सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। इससे कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प होने के आसार बन गए हैं। 6 अक्टूबर को नामांकन का दौर समाप्त होने के बाद ही चुनावी परिदृश्य पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button