newspatnarajnitiबिहार

प्रशांत किशोर का गिरिराज सिंह को अल्टीमेटम: ‘हद में रहकर बोलिए, नहीं तो खोल देंगे पूरी जन्म कुंडली’

बिहार की सियासत में बयानों के तीर एक बार फिर तीखे हो गए हैं। केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर की गई हालिया टिप्पणी के बाद बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने उन पर जोरदार पलटवार किया है। पीके ने तल्ख लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि गिरिराज सिंह अपनी हद में रहकर बयानबाजी करें, अन्यथा उनकी पूरी जन्म कुंडली (राजनीतिक कच्चा-चिट्ठा) जनता के सामने खोल दी जाएगी।प्रशांत किशोर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह लंबे समय से गिरिराज सिंह की बातों को सुन रहे हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से केंद्रीय मंत्री को नसीहत दी कि वे अनर्गल बयानबाजी करना बंद करें। पीके ने चेतावनी दी कि यदि उन्होंने अपना रवैया नहीं बदला, तो जिस प्रकार अतीत में एक अन्य मंत्री का काला चिट्ठा खोला गया था, उसी तर्ज पर उनका भी पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर पूरी जन्म कुंडली खोल दी, तो कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहिएगा।”विधायक प्रशांत किशोर ने गिरिराज सिंह की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री बेगूसराय में कुशवाहा समाज का वोट बटोरने की जुगत में हैं और इसी मंशा से वे आजकल सम्राट चौधरी के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं। पीके ने इसे ‘गंदी राजनीति’ करार देते हुए कहा कि समाज इन सब बातों को भली-भांति समझता है। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह यह सोच रहे हैं कि सम्राट चौधरी के पक्ष में बोलकर वे कुशवाहा वोट साध लेंगे, लेकिन आगामी कुछ दिनों में जनता को यह सच्चाई साफ-साफ दिखने लगेगी।पीके ने गिरिराज सिंह पर मूल मुद्दों से भटकने और ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री केवल ‘झटका मीट, हिंदू-मुसलमान और टीका-टिक्की’ जैसी बातों तक ही सीमित हैं।

प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि बेगूसराय के एक होटल से लड़की को जबरन खींच ले जाने की घटना हो या पटना में नीट की छात्रा से दुष्कर्म व हत्या का जघन्य मामला, इन गंभीर और संवेदनशील मुद्दों पर गिरिराज सिंह का मुंह कभी नहीं खुलता।विकास के मुद्दे पर भी पीके ने भाजपा सांसद को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह केंद्र में टेक्सटाइल (कपड़ा) मंत्री हैं, लेकिन अगर उन्होंने बिहार में एक रुपये की भी कोई फैक्ट्री लगवाई हो, तो जनता को बताएं।अंत में प्रशांत किशोर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जाति और धर्म की राजनीति करने वाले नेता अब कुछ बोलने की स्थिति में नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह की भी अब उम्र हो चुकी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद अब उनके भी राजनीतिक रिटायरमेंट का समय नजदीक आ रहा है।

Related Articles

Back to top button