newspatna

बांकीपुर में कल मतदान, हेल्पलाइन से लाइव वेबकास्टिंग तक पूरी तैयारी

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता के तहत लाउडस्पीकर, जनसभा और रैलियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अब 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर सभी की नजरें टिकी हैं।

वोटर्स के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 जारी की है। इस नंबर पर कॉल कर वोटिंग से जुड़ी किसी भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिन मतदाताओं के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, वे आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर अपना मतदान कर सकेंगे।

सभी 422 बूथों पर होगी हाईटेक निगरानी

चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा बिहार पुलिस और सैप (SAP) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

जिलाधिकारी डॉ. कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी को केवल तीन वाहनों के इस्तेमाल की अनुमति होगी। इनमें एक वाहन स्वयं उम्मीदवार के लिए और दो वाहन उनके अधिकृत एजेंटों के लिए होंगे। प्रत्येक वाहन में अधिकतम पांच लोगों के बैठने की अनुमति रहेगी।

बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र छोड़ने के निर्देश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो स्टार प्रचारक, राजनीतिक कार्यकर्ता या समर्थक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें मतदान से पहले क्षेत्र छोड़ना होगा। जांच के दौरान ऐसे लोगों के मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मतदाताओं को किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन से बचाने के लिए सुरक्षा बल लगातार गश्त करेंगे।

सुरक्षा के लिए 14 कंपनियां तैनात

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने जानकारी दी कि चुनाव को लेकर केंद्रीय पुलिस बल की 14 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके साथ ही बिहार पुलिस और सैप के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के अब तक पांच मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं जांच अभियान के दौरान चार हथियार और 21 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button