
बिहार के मोकामा से विधायक और जदयू नेता अनंत सिंह एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मंच से महज कुछ सेकंड का भाषण दिया और फिर अपनी सीट पर लौट गए। उनका यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह एक उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालक ने उन्हें संबोधन के लिए आमंत्रित किया। जैसे ही वह मंच पर पहुंचे, उन्होंने अपने खास अंदाज में दोनों हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन किया।
सिर्फ एक लाइन बोलकर खत्म कर दिया भाषण
माइक संभालने के बाद अनंत सिंह ने कहा, “सभी आदमी को प्रणाम करो हइयो।” यानी उन्होंने अपने अंदाज में वहां मौजूद सभी लोगों को प्रणाम किया। इतना कहने के बाद उन्होंने अपना संबोधन समाप्त कर दिया और मुस्कुराते हुए वापस अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ गए।
वीडियो हुआ वायरल
अनंत सिंह का यह महज 5 सेकंड का भाषण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस अलग अंदाज को देखकर कार्यक्रम में मौजूद नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोग भी हंस पड़े। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और उनके छोटे लेकिन अलग अंदाज वाले संबोधन की चर्चा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह अपने बेबाक और अलग शैली के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। उन्हें बिहार की राजनीति में “छोटे सरकार” के नाम से भी जाना जाता है और वे जदयू के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।



