
पटनाl बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। सुबह सात बजे से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही और कतारें लगनी शुरू हो गईं। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक कुल 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि इससे पहले सुबह 9 बजे तक यह आंकड़ा 4.61 प्रतिशत था। लोकतंत्र के इस महापर्व में आम जनता के साथ-साथ राजनीतिक हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।दोपहर में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने अपने बूथ पर जाकर मतदान किया। वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी प्रचंड जीत का भरोसा जताया। नीरज सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर की जनता का भारतीय जनता पार्टी पर पिछले तीन दशकों का जो अटूट विश्वास है, वह इस बार भी बरकरार रहेगा। ज्ञात हो कि भाजपा इस हाई-प्रोफाइल सीट पर वर्ष 1995 से लगातार जीत दर्ज करती आ रही है।

ऐसे में अपने सबसे मजबूत गढ़ में नीरज सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारकर पार्टी ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।पटना साहिब से भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के पश्चात उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इसी केंद्र पर मतदान करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे पिछले 10-15 दिनों से बांकीपुर क्षेत्र में सघन चुनाव प्रचार कर रहे थे और जनता का अपार समर्थन एनडीए (भाजपा) के पक्ष में साफ दिखाई दे रहा है। सांसद ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और इस क्षेत्र के पूर्व विधायक रहे नितिन नवीन के नेतृत्व में पटना में विकास के कई अहम कार्य हुए हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता इसी विकास के नाम पर भाजपा को बड़ी जीत दिलाएंगे।
बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने भी अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र राज्य के सबसे अधिक शहरी और शिक्षित मतदाताओं वाले क्षेत्रों में गिना जाता है।उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “यहां के पढ़े-लिखे मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में घरों से निकलकर मतदान करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र और मजबूत हो सके।” मंत्री ने याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र में लगभग 40 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। यदि इस बार यह मतदान प्रतिशत बढ़ता है, तो पूरे बिहार में इसका एक बेहद सकारात्मक और कड़ा संदेश जाएगा।इधर, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन लगातार मतदान केंद्रों पर नजर बनाए हुए है। शाम तक वोटिंग प्रतिशत में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



