newspatnarajniti

बांकीपुर में प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप, बोले चुनाव भाजपा नहीं, पुलिस लड़ रही है

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। बूथों का जायजा लेने पहुंचे प्रशांत किशोर ने दावा किया कि चुनाव में भाजपा से ज्यादा पुलिस सक्रिय दिखाई दे रही है और उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर में माहौल ऐसा है, मानो चुनाव किसी राजनीतिक दल की बजाय पुलिस लड़ रही हो। उनका आरोप था कि मतदान से पहले रातभर जन सुराज से जुड़े लोगों के घरों पर कार्रवाई की गई और कई कार्यकर्ताओं को बिना किसी स्पष्ट कारण के हिरासत में लिया गया।

कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी के जिन स्थानों पर प्रशासन से अनुमति लेकर बूथ लगाए गए थे, वहां से भी कार्यकर्ताओं को हटाया गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बूथों से उठाकर ले गई, जिससे चुनावी गतिविधियां प्रभावित हुईं।

गोलघर के पास पहुंचे प्रशांत किशोर

मतदान के दौरान प्रशांत किशोर गोलघर के निकट एक मतदान केंद्र के बाहर पहुंचे, जहां जन सुराज के समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। समर्थकों का आरोप था कि पुलिस ने उनकी पार्टी का बूथ हटवा दिया, जबकि पास में दूसरे दल का बूथ संचालित हो रहा था।

भाजपा पर साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है। उनका कहना था कि विपक्षी कार्यकर्ताओं पर जितना दबाव बनाया जाएगा, जनता की प्रतिक्रिया उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की कार्रवाई से जन सुराज के समर्थकों का मनोबल टूटने वाला नहीं है।

गौरतलब है कि इससे पहले बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी प्रशांत किशोर पर हमला बोलते हुए उन्हें “बाहरी व्यक्ति” बताया था और कहा था कि उनका बांकीपुर से कोई सीधा संबंध नहीं है। मतदान के दिन दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप से बांकीपुर का चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

Related Articles

Back to top button