
पटना। गंडक नदी के जलस्तर में उफान से जिले के बैकुंठपुर प्रखंड में तबाही का मंजर उत्पन्न हो गया है। शीतलपुर और पकहा के बीच जमींदारी बांध पानी का भारी दबाव नहीं झेल सका और टूट गया, जिससे इलाके में भीषण जलप्रलय आ गई है। बाढ़ के पानी की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तेज बहाव में बहकर आए दो हिरणों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सुरक्षित बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, गंडक नदी उफान पर थी और प्रशासन तटबंधों पर नजर बनाए हुए था। इसी बीच शीतलपुर-पकहा के पास जमींदारी बांध अचानक टूट गया। बांध टूटते ही बाढ़ का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों और खेतों में फैलने लगा। पानी के इस तेज बहाव की चपेट में पकहा गांव निवासी कंतलाल की 50 वर्षीय पत्नी चंपा देवी आ गईं। डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर लाया गया, जहां से पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बांध पर शरण लेने को मजबूर ग्रामीण
अचानक आई इस आफत से प्रभावित इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल है। गांव में तेजी से पानी घुसने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने घर छोड़कर ऊंचे स्थानों और बांध पर शरण ली है। विस्थापित हुए कई परिवारों के सामने अब सिर छुपाने के साथ-साथ खाने-पीने का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। छोटे बच्चों और महिलाओं को बाढ़ की इस विभीषिका में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ का यह कहर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, वन्यजीव भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। गंडक के पानी के साथ बहकर दो हिरण रिहायशी इलाकों के करीब पहुंच गए। इनमें से एक हिरण को उसरी गांव से और दूसरे को डुमरिया रिवर फ्रंट से रेस्क्यू किया गया। प्रशासन द्वारा दोनों हिरणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
राहत-बचाव के लिए युद्ध स्तर पर उतरी एनडीआरएफ
हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मौके पर एनडीआरएफ (NDRF) की टीम पहुंच चुकी है और प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत जिले के वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। बैकुंठपुर के बीडीओ और अंचलाधिकारी (CO) भी राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।हालात का जायजा लेने और पीड़ितों को सांत्वना देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हैं। बैकुंठपुर के विधायक मनजीत कुमार सिंह और पूर्व विधायक प्रेम शंकर यादव ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और प्रशासन से राहत कार्यों में और तेजी लाने की मांग की।



