newspatnaबिहार

पटना में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, मुख्यमंत्री कार्यालय और चार स्कूलों को मिली धमकी

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री कार्यालय (CM Office) को धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह ईमेल खुद को खालिस्तान समर्थक बताने वाले व्यक्ति के नाम से भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और इसकी पड़ताल एटीएस को सौंपी जा सकती है। फिलहाल एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

चार निजी स्कूल भी बने निशाना

मुख्यमंत्री कार्यालय के अलावा पटना के चार प्रमुख निजी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इनमें दानापुर कैंट का आर्मी स्कूल, रेडियंट स्कूल, डीपीएस सीनियर स्कूल और डीपीएस जूनियर स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को समय से पहले घर भेज दिया गया।

स्कूल परिसरों में चला सघन तलाशी अभियान

धमकी मिलने के बाद सभी स्कूल परिसरों में बम निरोधक दस्ते ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। भवनों, कक्षाओं और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

पूरे राज्य में बढ़ी चौकसी

एक साथ मुख्यमंत्री कार्यालय और कई स्कूलों को धमकी मिलने के बाद बिहार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अन्य जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सभी धमकियां एक ही ईमेल या नेटवर्क से भेजी गई हैं या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के साथ हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button