crimenewspatnaबिहार

मामूली विवाद में दो मौतों के बाद जिहुली में पुलिस की सख्ती, तीन गिरफ्तार; एमएलसी ने बंधाया ढांढस

पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र स्थित जिहुली पंचायत के जमुनी टोला में मवेशी धोने के दौरान सड़क पर पानी गिरने को लेकर हुए विवाद ने दुखद रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में घायल जमील अख्तर और मरीना खातून की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के बाद जेडीयू एमएलसी डॉ. खालिद अनवर ने जमुनी टोला पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें न्याय का पूर्ण भरोसा दिलाया।घटना के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 सितंबर को तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन की ओर से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

JDU MLC ने पीड़ित परिजनों को दी 25-25 हजार की मदद

पीड़ित परिवारों का दर्द साझा करने पहुंचे जेडीयू एमएलसी डॉ. खालिद अनवर ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जमील अख्तर और मरीना खातून के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और घटना में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। परिजनों से बातचीत के दौरान उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से अपना काम कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पानी के विवाद में गई 2 की जान…

इस दौरान डॉ. अनवर ने गांव के दोनों पक्षों और सभी समुदायों से शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस घटना को जाति विशेष या सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। यह महज दो लोगों के बीच का आपसी विवाद था। जिहुली गांव के लोग हमेशा से मिल-जुलकर और भाईचारे के साथ रहते आए हैं। किसी भी दुखद घटना की वजह से इस दशकों पुराने सामाजिक रिश्ते में कोई दरार नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय सुनिश्चित करना और गांव में अमन-चैन कायम रखना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। लोगों से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों व बहकावे में न आएं।

Related Articles

Back to top button