newspatnarajnitiबिहार

पवन सिंह के गृह जिले में बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने पहुंचीं अक्षरा सिंह, कहा- ‘यह मेरा फर्ज, दूसरों की जिम्मेदारी मैं नहीं ले सकती’

अक्षरा सिंह का पवन सिंह पर सबसे बड़ा तंज! आरा पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों के बीच कह दी ये बड़ी बात

पटना। भोजपुर जिले में उफनती गंगा के बढ़ते जलस्तर और भीषण कटाव ने तटवर्ती इलाकों में भारी तबाही मचाई है। अपना घर-बार खो चुके बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने विशेष रूप से मुंबई से आकर शाहपुर प्रखंड स्थित दामोदरपुर बांध का दौरा किया, जहां कटाव के कारण बेघर हुए जवईनिया गांव के लोग विस्थापित जीवन जी रहे हैं। अभिनेत्री ने पीड़ितों के बीच जाकर न सिर्फ उनका हाल जाना, बल्कि बड़े पैमाने पर राहत सामग्री का वितरण भी किया। राहत शिविर में अक्षरा सिंह ने महिलाओं की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें साड़ी और सेनेटरी पैड के साथ-साथ राशन (चावल, दाल, आटा, चूड़ा), मोमबत्ती, टॉर्च और मच्छरदानी उपलब्ध कराई। इसके अलावा छोटे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए डायपर, बिस्कुट और चॉकलेट बांटे गए। पीड़ितों की आंखों में आंसू देख अभिनेत्री ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस घोर संकट में पूरा बिहार उनके साथ खड़ा है।

महिलाओं और बच्चों का रखा विशेष ध्यान

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “मैं इसी मिट्टी की बेटी हूं। आज मैं जिस मुकाम पर हूं, वह बिहार की जनता के असीम प्यार और समर्थन का ही नतीजा है। आपदा के समय अपनों के बीच खड़ा होना मेरा नैतिक फर्ज है।”वहीं, जब मीडियाकर्मियों ने भोजपुर के लाल और भोजपुरी स्टार पवन सिंह के अपने ही गृह जिले के पीड़ितों के बीच अब तक उपस्थित न होने पर सवाल किया, तो अक्षरा ने बेहद बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा, “मैं किसी और की जिम्मेदारी नहीं ले सकती। यह मेरी अपनी जिम्मेदारी है और मुसीबत के समय अपनों का साथ देना मेरा व्यक्तिगत फर्ज है।”

विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सीएम से करेंगी बात

गंगा के कटाव में जवईनिया गांव के दर्जनों मकानों के नदी में समा जाने के मुद्दे पर अक्षरा ने कहा कि वे बिना पूरी जानकारी के कोई राजनीतिक बयानबाजी नहीं करेंगी। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि इन विस्थापित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए वे मुख्यमंत्री और राज्य के वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात कर गुहार लगाएंगी।

Related Articles

Back to top button