
पटना। वैशाली जिले के लालगंज में भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन NH-139W फोरलेन मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुल निर्माण कार्य के दौरान अचानक लोहे का भारी-भरकम लॉन्चर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में मौके पर काम कर रहे छह मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। लॉन्चर गिरते ही निर्माण स्थल पर चीख-पुकार मच गई और हड़कंप का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह गुरुवार को भी फोरलेन पुल के पिलरों पर गर्डर सेट करने के लिए लॉन्चर के जरिए काम चल रहा था। इसी दौरान एक जोरदार आवाज के साथ लॉन्चर असंतुलित होकर नीचे आ गिरा। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और निर्माण कंपनी के कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के उच्च अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का मुआयना किया और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा यांत्रिक खराबी, तकनीकी चूक या किसी अन्य वजह से हुआ। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर तीखा हमला
इस हादसे के बाद राज्य में राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा कि वैशाली में भ्रष्टाचार के बोझ से एक और निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें मजदूर दबकर घायल हो गए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण सामग्री, मानकों की अनदेखी, जांच में अनियमितता और एनडीए नेताओं का रवैया ही राज्य में लगातार गिरते पुलों का मुख्य कारण है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि उम्मीद के मुताबिक भ्रष्ट सरकार फिर से अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करने में जुट जाएगी।फिलहाल दुर्घटनास्थल पर एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच पूरी होने तक संबंधित हिस्से का निर्माण कार्य रोक दिया गया है।



