
पटना यूनिवर्सिटी कैंपस में शनिवार को सुतली बम फेंके जाने और धमाका होने की घटना सामने आई है। जोग्राफी विभाग के पास हुए इस धमाके की आवाज काफी तेज थी, जिससे कुछ देर के लिए कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद छात्रों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पहुंची पीरबहोर थाना पुलिस
धमाके की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुतली बम वहां किसने फेंका |
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना में अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सुतली बम कैंपस में कैसे पहुंचा और उसे किसने वहां फेंका।
जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों से घटना से जुड़े संदिग्धों या गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
टाउन डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने कैंपस में धमाके की घटना की पुष्टि की है। पुलिस की जांच फिलहाल कई बिंदुओं पर चल रही है। CCTV फुटेज के अलावा घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमाके के पीछे कौन था और सुतली बम कैंपस तक कैसे पहुंचा।



