
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्रों द्वारा प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छात्रों के इस आंदोलन का पूरा समर्थन करेगा। गर्दनीबाग में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन पर चिंता जताते हुए तेजस्वी ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है।नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि छात्रों से तत्काल संवाद किया जाना चाहिए, क्योंकि बिना बातचीत के किसी भी समस्या का समाधान संभव नहीं है। इस आंदोलन में खुद के सड़क पर उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी सही समय पर दे दी जाएगी।राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को घेरते हुए तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में भ्रष्टाचार व्याप्त है और सरकार का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर करीब 27 हजार रुपये का कर्ज है और राज्य सरकार उधार के सहारे चल रही है। महागठबंधन सरकार द्वारा शुरू की गई ‘स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड’ योजना की राशि चार लाख से घटाकर दो लाख किए जाने को उन्होंने इसी आर्थिक बदहाली का परिणाम बताया। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में हालात इतने बिगड़ सकते हैं कि सरकार कर्मचारियों को वेतन और पेंशनधारियों को पेंशन देने की स्थिति में भी नहीं रहेगी।कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सख्त रुख अपनाया। राज्य में फायरिंग की घटनाओं और राहुल गांधी के पैलेट गन मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन में गोली चलाने का आदेश किसने दिया, सरकार को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने संविदाकर्मियों के एक्सटेंशन और सरकारी व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की। चीनी की बढ़ती कीमतों पर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई।



