crimenews

45 हजार रुपये के लिए बेटे ने किया मां का मर्डर, गुमराह करने को रची लूट की कहानी

मोतिहारी। रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात में महज 45 हजार रुपये के लालच में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और खुद को बचाने के लिए आरोपी ने अज्ञात अपराधियों द्वारा लूटपाट व हत्या की मनगढ़ंत कहानी रची। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच ने खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लूटे गए पूरे रुपये और हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।मृतका की पहचान पहाड़पुर थाना क्षेत्र निवासी नजमा खातून के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नजमा खातून ने हाल ही में जीविका समूह से करीब 45 हजार रुपये की निकासी की थी। इस रकम पर उनके बेटे मोहम्मद आलम हुसैन की नीयत खराब हो गई और उसने एक खौफनाक साजिश रच डाली।चावल की बोरी उठवाने के बहाने ले गया खेत मेंआरोपी आलम ने अपने एक दोस्त से बाइक मांगी और मां को यह कहकर अपने साथ ले गया कि ईख के खेत में चावल की एक बोरी रखी है, जिसे उठाने में उसे मदद चाहिए। मां बेटे की बातों में आकर उसके साथ चली गई। सुनसान खेत में पहुंचते ही बेटे ने चाकू से अपनी मां की गर्दन पर वार कर उनका मर्डर कर दिया और 45 हजार रुपये लेकर वहां से फरार हो गया।मोबाइल लोकेशन से खुली कहानी की पोलवारदात के बाद आरोपी ने खुद को निर्दोष साबित करने के लिए पुलिस को लूटपाट और मर्डर की झूठी कहानी सुनाई। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की। पुलिस को शुरू से ही बेटे के बयानों में विरोधाभास लगा। जब तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल (सीडीआर) और लोकेशन की बारीकी से जांच की गई, तो घटना के वक्त घटनास्थल पर किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी नहीं मिली। वहां सिर्फ मृतका के बेटे के मोबाइल का ही लोकेशन मिला, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया।सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आलम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, वारदात के वक्त पहने गए कपड़े और लूटे गए 45 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button