newspatnarajnitiबिहार

संत कबीर नगर में पीड़ित परिवार से मिले VIP प्रमुख मुकेश सहनी, कहा- न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

पटना । बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक मुकेश सहनी ने धनघटा थाना क्षेत्र के हैंसर बाजार पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने खलीलाबाद में कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद मौत के घाट उतारी गई छात्रा की मां बिंदु देवी व अन्य परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सहनी ने स्पष्ट किया कि इस दुख की घड़ी में वीआईपी उनके साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।परिजनों ने वीआईपी प्रमुख को घटना की सिलसिलेवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी खलीलाबाद शहर में किराए का कमरा लेकर मेडिकल व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि एक अगस्त की रात प्रीति नामक युवती ने फोन पर सूचना दी कि अनु अग्रहरि ने उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी है। बदहवास परिजन जब खलीलाबाद पहुंचे, तो पता चला कि प्रीति और आरोपित अनु अग्रहरि उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए हैं। वहां पहुंचने पर परिजनों ने बेटी को मृत अवस्था में पाया। पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर अनु अग्रहरि पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।

मुकेश सहनी ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी बेटी के साथ ऐसा कृत्य सभ्य समाज के लिए अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है। सहनी ने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में एक नजीर पेश की जा सके।वीआईपी प्रमुख ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में रोकने का अनुचित प्रयास किया। सहनी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि को पीड़ित परिवार का दुख साझा करने से रोकना कतई उचित नहीं है। प्रशासन के रवैये के बावजूद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकासशील इंसान पार्टी न्याय की इस लड़ाई को हर लोकतांत्रिक मंच पर पूरी बुलंदी के साथ उठाएगी।

Related Articles

Back to top button