
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज कर बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। उनकी जीत के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रोहिणी आचार्य ने अपने संदेश में लिखा कि जीत हमेशा उसी की होती है जो लगातार संघर्ष करता है, जनता से जुड़ा रहता है और अपने कार्यकर्ताओं व समर्थकों का सम्मान करते हुए उनसे निरंतर संवाद बनाए रखता है। उन्होंने इस जीत को भाजपा के खिलाफ जनभावना और लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत बताया तथा प्रशांत किशोर को सफल और जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
जीत के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर?
जीत के बाद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश केवल एक सीट की जीत नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को लेकर लोगों की उम्मीदों का संदेश है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता ऐसी व्यवस्था बनाने की है, जिससे बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने उन्हें समर्थन दिया, उनका वे आभार व्यक्त करते हैं। वहीं जिन्होंने वोट नहीं दिया, उनका भरोसा जीतने के लिए आगे और अधिक मेहनत करेंगे।
विधायक बनकर ठेका-पट्टा नहीं करना
प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका उद्देश्य विधायक बनकर ठेका-पट्टा करना नहीं, बल्कि बिहार के विकास के लिए काम करना है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि जिस तरह गुजरात के विकास पर ध्यान दिया जाता है, उसी गंभीरता से बिहार के विकास और रोजगार सृजन पर भी काम किया जाए, ताकि राज्य के युवाओं को रोज़गार के लिए पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से काम होना चाहिए। उनका मानना है कि यदि इन मुद्दों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी जनता इसी तरह अपना राजनीतिक संदेश देती रहेगी।



