newspatnaशिक्षा

डीएम ने किया कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण, छात्राओं से जाना हाल

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने शनिवार देर शाम चंद्रहिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक विद्यालय पहुंचने से प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इस दौरान उनके साथ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. प्रदीप कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार गिरी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय, भोजन और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में नामांकित सभी 80 छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। डीएम ने बच्चियों से पढ़ाई, आवास, भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता को लेकर विस्तार से जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के वक्त मौके पर विद्यालय की वार्डन भी मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने छात्राओं को मिल रही सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा और छात्राओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आगे भी विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित रूप से निगरानी की जाएगी, ताकि छात्राओं को पठन-पाठन के लिए एक उत्कृष्ट और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Related Articles

Back to top button