newspatnarajniti

गांधी और शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें बिहारवासी: विजय कुमार सिन्हा

पटना। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के जीवन और विचार आज भी देश को सही दिशा देने की प्रेरणा देते हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि महात्मा गांधी का ग्राम स्वराज का विचार गांव, गरीब और किसान के सशक्तिकरण पर आधारित था। गांधी जी का मानना था कि भारत की असली शक्ति उसके गांवों में निवास करती है। ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों और अन्नदाताओं के महत्व को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। कृषि और किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों की समृद्धि से ही ग्रामीण क्षेत्रों के साथ पूरे राज्य का विकास संभव है।

मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में ग्राम स्वराज, स्वावलंबन, स्वदेशी, सर्वोदय, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे मूल सिद्धांत प्रमुख रहे हैं। इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इन विचारों से देशवासियों को प्रेरित करते रहे हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि गांधी जी के ग्राम स्वराज और शास्त्री जी के किसान केंद्रित विचारों से प्रेरणा लेते हुए कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। किसानों की आय, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र की मजबूती को विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करते हुए गांव, किसान और कृषि को मजबूत बनाने का संकल्प लें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button