crimenewspatna

बड़ी खबर: मोतिहारी के पलनवा थाने में तैनात पुलिस ड्राइवर की संदिग्ध मौत, महकमे में मची खलबली

पूर्वी चंपारण जिले के पलनवा थाने में तैनात एक पुलिस चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रथम दृष्टया चालक की मौत छत से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर सघनता से जांच कर रही है।मृतक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के उजैन लोहियर पंचायत के वार्ड संख्या-06 निवासी राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह पलनवा थाने में सरकारी वाहन के चालक के पद पर कार्यरत थे। राजकुमार शर्मा की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल डीएसपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए तत्काल बुलाया गया। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं ताकि मौत के कारणों की सही दिशा में जांच की जा सके।फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button