
भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर दी है और अब सभी की निगाहें उनके दूसरे टी20 मुकाबले पर टिकी हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच आज नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर तीसरा टी20 खेला जाना है। लेकिन मैच से पहले वैभव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
डेब्यू मैच में वैभव ने 14 रनों की छोटी लेकिन प्रभावशाली पारी खेली थी। उनकी बल्लेबाज़ी ने साफ संकेत दिया कि उनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने की क्षमता है और उन्हें सिर्फ लगातार मौके मिलने की जरूरत है।
इसी बीच नेट्स पर अभ्यास के दौरान वैभव को चोट लग गई। वायरल वीडियो में वह थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट राघवेंद्र द्विवेदी के साथ बल्लेबाज़ी का अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान एक शॉर्ट गेंद सीधे उनकी पसलियों पर जा लगी। गेंद लगते ही वैभव दर्द से कराहते हुए पेट पकड़कर नीचे बैठ गए।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि राघवेंद्र द्विवेदी ने तुरंत उनकी चोट पर ध्यान नहीं दिया और अगली गेंद की तैयारी में जुट गए। इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई है और राघवेंद्र के रवैये की आलोचना की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह चोट गंभीर है और क्या वैभव आज के मुकाबले में मैदान पर उतर पाएंगे? फिलहाल भारतीय टीम प्रबंधन की ओर से उनकी फिटनेस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
हालांकि, अभ्यास के दौरान इस तरह की चोटें क्रिकेट में सामान्य मानी जाती हैं और कई बार थोड़े आराम या प्राथमिक उपचार के बाद खिलाड़ी पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौट आते हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वैभव पूरी तरह स्वस्थ होंगे और नॉटिंघम टी20 में अपनी बल्लेबाज़ी से भारत को मजबूत शुरुआत दिलाने की कोशिश करेंगे।



