newspatnaबिहार

बिहार में शुरू होगी हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा, 15 जुलाई से पर्यटक ले सकेंगे हवाई सफर का आनंद

बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक नई पहल करने जा रही है। 15 जुलाई से हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा की शुरुआत होगी, जिसके जरिए पर्यटक आसमान से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों का नज़ारा देख सकेंगे। पहले चरण में यह सुविधा पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

पर्यटन विभाग के अनुसार यह सेवा फिलहाल 15 जुलाई से 15 जनवरी तक संचालित की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक शनिवार और रविवार को पर्यटक हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा का अनुभव ले सकेंगे। सरकार का उद्देश्य राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को नई पहचान दिलाना और पर्यटकों को आकर्षित करना है।

पटना में हेलीकॉप्टर राइड के लिए प्रति यात्री 2,100 रुपये का किराया तय किया गया है। पांच सीटों वाले हेलीकॉप्टर से दोपहर 3 बजे से उड़ानें शुरू होंगी। हर 30 मिनट के अंतराल पर कुल चार उड़ानें संचालित की जाएंगी और प्रत्येक उड़ान की अवधि लगभग 10 मिनट होगी, जिसमें पर्यटक राजधानी के प्रमुख स्थलों का हवाई दृश्य देख सकेंगे।

पटना के अलावा तीन प्रमुख रूटों पर भी हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। पटना से वाल्मीकिनगर के लिए सुबह 10 बजे और दोपहर 3 बजे उड़ान संचालित की जाएगी। वहीं पटना से राजगीर तक की यात्रा के लिए प्रति यात्री 4,000 रुपये और पटना से कैमूर के करमचट डैम तक के सफर के लिए 6,000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इन सभी उड़ानों में एक बार में अधिकतम पांच यात्री यात्रा कर सकेंगे।

पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उड़ान में 60 प्रतिशत से कम सीटों की बुकिंग होती है या मौसम प्रतिकूल रहता है, तो संबंधित उड़ान रद्द की जा सकती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को उनकी पूरी बुकिंग राशि वापस कर दी जाएगी।

यात्रा के दौरान प्रत्येक यात्री केवल 3 से 4 किलोग्राम तक का एक सॉफ्ट हैंडबैग अपने साथ ले जा सकेगा। हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग करानी होगी। यह सुविधा टूर पैकेज के रूप में उपलब्ध होगी।

राज्य सरकार इस योजना के संचालन पर अगले छह महीनों में करीब 4.35 करोड़ रुपये खर्च करेगी। सरकार को उम्मीद है कि हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा शुरू होने से बिहार के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।

Related Articles

Back to top button