newspatnaबिहार

बिहार के 50 रेलवे स्टेशनों पर बढ़ेगी सुरक्षा, ड्रोन से होगी निगरानी

बिहार में रेल यात्रियों के लिए सफर जल्द ही पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक होने वाला है। पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कई नई योजनाओं पर काम कर रहा है। इसके तहत राज्य के करीब 50 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नई डिजाइन की पैसेंजर ट्रेनों को भी जल्द शुरू किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र स्टेशन सहित पूर्व मध्य रेलवे के लगभग 50 बड़े स्टेशनों पर ड्रोन तैनात किए जाएंगे। इनकी मदद से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों की आवाजाही पर रियल-टाइम नजर रखी जाएगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

फिलहाल पटना जंक्शन की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को पायलट प्रोजेक्ट के तहत एक ड्रोन उपलब्ध कराया गया है। इसके संचालन के लिए आरपीएफ कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। रेलवे ने अन्य प्रमुख स्टेशनों से यात्री संख्या और आवश्यकताओं की रिपोर्ट मांगी है। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर उन स्टेशनों का चयन किया जाएगा, जहां प्रतिदिन लगभग 25 हजार से लेकर ढाई लाख तक यात्री आते-जाते हैं। जानकारी के मुताबिक मार्च 2027 तक सभी चयनित स्टेशनों पर ड्रोन उपलब्ध कराने की योजना है।

ड्रोन तकनीक का सबसे बड़ा फायदा त्योहारों और विशेष अवसरों पर देखने को मिलेगा। भीड़भाड़ वाले समय में स्टेशन परिसर की निगरानी आसान होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। इससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।

इसके साथ ही पूर्व मध्य रेलवे को नई डिजाइन वाली दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों की रैक भी मिलने वाली है। इन ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक फीचर जोड़े गए हैं। बोगियों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आधुनिक शौचालय, बेहतर वॉश बेसिन, नया इंटीरियर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं महिला कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे महिला यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।

नई ट्रेनों में एडवांस ‘नो-जर्क’ कपलिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे ट्रेन के चलने और रुकने के दौरान लगने वाले झटके काफी कम हो जाएंगे। इसके अलावा बोगियों के भीतर शोर भी कम होगा। यात्रियों को एलईडी लाइटिंग, बेहतर वेंटिलेशन, आरामदायक सीटें और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे पैसेंजर ट्रेनों का सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बन जाएगा।

Related Articles

Back to top button